सिविल लाइंस में सीएम की फ्लीट आने से पहले वीआईपी रोड पर स्टंट कर रहे थे युवक, दो कार सीज
1 min read
CM in Prayagraj: सीएम योगी की फ्लीट आने से ठीक पहले वीआईपी रूट पर आठ कारों से आए दो दर्जन इंटर के छात्रों ने हंगामा मचा दिया। छतों व दरवाजों पर लटककर हूटर बजाते हुए बेकाबू रफ्तार से कारें दौड़ाईं, जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने खदेड़ा तो अन्य भाग निकले जबकि दो कार पर सवार छह छात्र पकड़ लिए गए। दोनों कारें सीज कर पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी रही।
घटना दोपहर 3:30 बजे के करीब हुई।
सीएम योगी आदित्यनाथ को सिविल लाइंस में सरोजिनी नायडू मार्ग पर बनाए गए वीआईपी रूट से होकर विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए सूबेदारगंज जाना था। इसके लिए एजी ऑफिस चौराहे से पत्थर गिरिजाघर तक जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। सिविल लाइंस थाने की फोर्स के साथ एसीपी सिविल लाइंस श्यामजीत प्रमिला सिंह भी लगातार रूट क्लीयर कराने व सुरक्षा के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आठ कारों का एक काफिला बहुत तेजी से एजी ऑफिस चौराहे की ओर से आया।
इसमें से कुछ कारों पर हूटर भी लगे थे। हूटर बजाते हुए कारें आईं तो लोगों को लगा कि सीएम की फ्लीट आ गई है। हालांकि, जब बेकाबू रफ्तार में दौड़ रही इन कारों की छतों व दरवाजों पर लटककर स्टंट करते छात्र दिखे तो लोग दंग रह गए।
स्टंटबाजों के काफिले के प्रधान डाकघर के पास पहुंचते ही यहां गश्त कर रहे सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव की नजर पड़ी तो उन्होंने इन्हें रोकना चाहा। इस पर छात्र कारें मोड़कर भागने लगे। इंस्पेक्टर ने मयटीम पीछा किया तो दो कारों पर सवार छह को पकड़ लिया गया जबकि उनके अन्य साथी भाग निकले। इसके बाद कार समेत सभी को थाने लाया गया। जहां दोनों कारें सीज कर दी गईं। पकड़े गए युवक सिविल लाइंस स्थित एक कॉलेज के 12वीं के छात्र बताए जा रहे हैं। यह भी बात सामने आई है कि वह किसी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। उधर, थाने पहुंचे एक युवक के परिजनों ने पुलिस से बताया कि वह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला था।
सिविल लाइंस में सीएम की फ्लीट आने से पहले वीआईपी रोड पर स्टंट कर रहे युवकों के कब्जे से बरामद दो कार। पुलिस ने इन्हें सीज कर दिया है।
News Credit: Amar Ujala