World Biggest Rangoli: दुनिया की सबसे बड़ी रंगोली बनाकर महाकुंभ का दिया निमंत्रण
Prayagraj Updates: दुनिया की सबसे बड़ी रंगोली(World Biggest Rangoli) तकरीबन साकार हो सकी है। इसे चौथे दिन बुधवार को अंतिम रूप दिया जाएगा। यमुना क्रिश्चियन कॉलेज परिसर में तैयार हो रही यह रंगोली विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हो जाएगी। बृहस्पतिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी रंगोली देखेंगे। नगर निगम की ओर से महाकुंभ एवं संगम स्नान पर आधारित 55,000 वर्गफीट क्षेत्रफल में रंगोली तैयार की जा रही है।

सात दिसंबर से बनाई जा रही इस रंगोली का औपचारिक उद्घाटन रविवार को हुआ था। इसे मंगलवार तक पूरा कर लेना था, लेकिन अभी फाइनल टच देना बाकी है। इस रंगोली का मकसद दुनिया भर के लोगों को महाकुंभ के लिए आमंत्रित करते हुए महिला सशक्तीकरण और स्वच्छता का संदेश देना है।
रंगोली में संगम का विहंगम दृश्य दर्शाया गया है। स्नान एवं पूजन करते संत भी दिखाए गए हैं। कलश और मंदिर के संगम से महाकुंभ के विविध रंगों को दिखाने की कोशिश की गई है। नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि कुछ काम शेष रह गया है। बुधवार को रंगोली तैयार हो जाएगी। मंगलवार को रंगोली देखने वालों का हुजूम लगा रहा। निगम अफसरों का दावा है कि मंगलवार को 10 हजार से ज्यादा लोग आए। यहां सांस्कृतिक संध्या में सीएमपी डिग्री कॉलेज और सरस्वती शिशु विद्या निकेतन के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं। उन्हें सम्मानित भी किया गया। महापौर गणेश केसरवानी ने बताया कि रंगोली आगे भी बनी रहेगी।

